अखिलेश यादव ने कहा कि वोट हमारा और काम हमारा ज्यादा है। इसलिए कार्यकर्ता जैसे प्रधानी का चुनाव लड़ते हैं और 90 प्रतिशत वोट पड़वाते हैं, उसी तरह विधानसभा का चुनाव लड़ना होगा। तभी हम 2022 में भाजपा का मुकाबला कर अपनी सरकार बना सकेंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि सभी को मिलकर काम करना होगा। कुछ नेता आपस में मुकाबला करते हैं, सबको एक होकर भाजपा से मुकाबला करना है।
आने वाले समय में यूपी की लड़ाई बड़ी है। यूपी की लड़ाई बिहार और बंगाल से भी ज्यादा खतरनाक तरीके से भाजपा लड़ेगी। बंगाल चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा यूपी पर फोकस करेगी। उससे पहले हमें अपनी रणनीति के तहत काम करना होगा। उससे पहले हम संकल्प लें कि उनकी किसी भी साजिश कर डटकर मुकाबला करेंगे और 2022 में जीतेंगे।
अखिलेश यादव ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में लगाई हाजिरी।
- फोटो : अमर उजाला
झूठ बोलने में बीजेपी का कोई मुकाबला नहीं कर सकता और हमारे काम का मुकाबला बीजेपी नहीं कर सकती, इसलिए समाजवादी संघर्ष करें, क्योंकि समाजवादी संघर्ष से नहीं डरते हैं। हमें क्या बोलना है यह सीखना होगा, क्योंकि भाजपा के पास काम नहीं है, उनके पास सिर्फ बातें हैं।
हाल ही भाजपा के लोगों ने किसानों को आंदोलनजीवी बताया, जबकि वो चंदाजीवी हैं। इस तरह हमें उनकी हर बात का जवाब देना होगा। देश में व्यापार करने आई ईस्ट इंडिया कंपनी सरकार बन गई थी। हमारे देश के वीर सपूतों ने उनका मुकाबला किया तब जाकर हमें आजादी मिली है। अब भाजपा देश को कंपनियों के हाथों बेच रही है। यह बात लोगों को जाकर बतानी होगी। प्रशिक्षण शिविर के पहले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिले के कई नेताओं के घर जाकर उनसे मुलाकात की।
मां विंध्यवासिनी दरबार में लगाई हाजिरी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार देर रात मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने मां के दर्शन कर 2022 में सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगा। मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान पूर्वक दर्शन पूजन व आरती कर मां का आशीर्वाद लिया। दर्शन पूजन करने के बाद मंदिर परिसर में ही समस्त देवी देवताओं की परिक्रमा करते हुए हवन कुंड की भी परिक्रमा की।