मड़िहान थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार की रात एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गयी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
राजगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के चौखड़ा गांव निवासी राजेंद्र पुत्र सोमनाथ (55) करीब छह माह पूर्व लकवाग्रस्त हो गए थे। जिससे वह अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार की रात राजेंद्र की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही दो लोगों के ऊपर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की सूचना पर राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मड़िहान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह का कहना है कि मृतक को लकवा मार दिया था। जिससे वह बीमार चल रहे थे। बीती रात उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी कि बीमारी से मौत हुई है या हत्या की गई है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का मामला सही पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।