वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की शाम ट्रक चालकों से मारपीट एवं वसूली को लेकर हुए चक्का जाम की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने रविवार को अहरौरा थाने में तैनात तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
कहा कि पुलिसकर्मी नियमों के खिलाफ जाकर कोई ऐसा काम न करें, जिससे उनकी शिकायत हो।
एसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अहरौरा थाने में तैनात तीन आरक्षियों प्रदीप राय, प्रभाकर यादव और कन्हैया पाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
कहा कि वसूली को जड़ से खत्म करना मुमकिन नहीं है। अवैध वसूली बीमारी की तरह फैली है। वसूली करने वाले पुलिस कर्मियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके पूर्व उन्होंने अहरौरा थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान पीएसी की बैरक, वाच टावर, बंदीगृह तथा शस्त्रागार और साफ सफाई देखी। उपनिरीक्षक शैलेश राय, कमलेश पाल से लंबित विवेचनाओं, थाने और चौकियों पर तैनात लोगों के बारे में पूछताछ की।
विवेचनाओं के निस्तारण का निर्देश दिया। हिदायत दी कि नक्सल क्षेत्र के भौगोलिक संरचना का ग्राफिक्स शीघ्र मुहैया कराएं। अभिलेखों के रख रखाव पर दीवान सुनील कुमार को शाबाशी दी।