- 53091 विद्यार्थियों ने कक्षा आठ उत्तीर्ण किया है इस वर्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिले में माध्यमिक विद्यालयों में आठवीं पास करने वाले विद्यार्थियों की ट्रैक शिक्षा पोर्टल से निगरानी की जाएगी। आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर नौवीं जाने वाले विद्यार्थियों पर खास नजर रखी जाएगी। जब तक सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों का प्रवेश नहीं हो पाएगा तब तक प्रवेश का प्रयास होता रहेगा।
जिले में इस बार 53091 विद्यार्थियों ने कक्षा आठ उत्तीर्ण किया है। एक अप्रैल से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार तक 10,000 के लगभग विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। यदि ग्रीष्मावकाश के पहले तक सभी विद्यार्थियों का प्रवेश नहीं होता है तो जुलाई में विशेष अभियान चलाकर शेष सभी विद्यार्थियों का प्रवेश कराया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इससे प्रवेश की सतत निगरानी होती रहेगी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि पोर्टल पर सभी सूचनाएं समय से फीड हो इसकी व्यवस्था की गई है। इसी से अद्यतन सूचना प्राप्त होती रहेगी।