समोगरा बाई पास पर डीसीएम में लगी आग फोटो, शोसल मीडिया
मिर्जापुर। समोगरा बाईपास के पास मंगलवार की देर रात पौने दो बजे रीवां से वाराणसी जा रहा डीसीएम आगे चल रहे ट्रक में टकरा गया। टक्कर के बाद डीसीएम में आग लग गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची करनपुर पुलिस ने खलासी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चालक केबिन में फंसकर आग की लपटों में घिर गया। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। तब तक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी।
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर निवासी विजय गिरी (40) खलासी राजेश चतुर्वेदी (45) के साथ चोकर लेकर मध्य प्रदेश के रीवां से वाराणसी जा रहे थे। देहात कोतवाली क्षेत्र के समोगरा बाईपास के पास आगे चल रहे ट्रक में पीछे से डीसीएम टकरा गया। टक्कर के बाद डीसीएम में आग लग गई। आग लगने के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। चालक-खलासी वाहन में फंसे गए। राहगीरों की सूचना पर करनपुर चौकी प्रभारी अविनाश प्रकाश राय मौके पर पहुंचे। खलासी राजेश चतुर्वेदी को बाहर निकालकर मंडलीय अस्पताल भिजवाया। केबिन में फंसने के कारण चालक विजय गिरी को नहीं निकाला जा सका। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई। 20 मिनट बाद आग पर काबू पाया गया, तब तक चालक विजय की जलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचित किया। देहात कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि आगे चल रहे ट्रक में टकराकर डीसीएम में आग लगने से चालक की जलकर मौत हो गई।