मिर्जापुर। बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में मंगलवार की सुबह सीने में दर्द होने के बाद परिसर के हेल्थ सेंटर से इलाज के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। बीएससी एजी तृतीय वर्ष के छात्र अनिल मीणा (23) की मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टर और दक्षिणी परिसर प्रशासन ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कह रहे हैं। साथी के मौत से आक्रोशित दक्षिणी परिसर के छात्रों ने बरकछा हाईवे को जाम कर दिया। छात्रों ने दक्षिणी परिसर में स्वास्थ्य व्यवस्था की सुविधा में कमी के कारण छात्र के मौत होने का आरोप लगाया। शाम पांच बजे शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन रात 12 बजे तक जारी रहा।
राजस्थान के कोटा जिले के वियलदा थाना क्षेत्र के कमलदा गांव निवासी अनिल मीणा (23) पुत्र महावीर मीणा बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बीएससी एजी के तृतीय वर्ष के छात्र थे। मंगलवार की सुबह उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। उसे उपचार के लिए दक्षिण परिसर में स्थित हेल्थ सेंटर ले जाया गया। जहां इलाज के बाद भी आराम नहीं मिला। इसके बाद उनको सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद उनको मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान छात्र अनिल की मौत हो गई। छात्र की मौत से अन्य साथियों में मातम छा गया। सूचना मिलते ही दक्षिणी परिसर के छात्र आक्रोशित हो गए। छात्र दक्षिण परिसर में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के विरोध में हंगामा करने लगे। शाम पांच बजे दक्षिणी परिसर के पास बरकछा हाईवे पर छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। एमएससी के छात्र अभिनव पाल ने आरोप लगाया कि उनसे स्वास्थ्य सुविधा के लिए पैसा लिया जा रहा है पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा नहीं दी जा रही है। एक्स-रे और अन्य जांच की सुविधा नहीं है। इसके लिए उनको मिर्जापुर जाना पड़ता है। वहां सुविधा नहीं मिलती तो बीएचयू मेन कैंपस जाना पड़ता है। स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर सिर्फ बुखार की दवा मिलती है। विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है। यहां भी मुख्य परिसर बीएचयू की तरह दवा और स्वास्थ्य की व्यवस्था की जाए। बीएससी एजी की छात्रा रिया प्रजापति ने कहा कि अनिल उनका जूनियर था। उनको सीने में दर्द होने पर हेल्थ सेंटर में पैरासिटामॉल दिया गया। सोमवार की देर रात के बाद मंगलवार की सुबह भी उसे पेन किलर दिया गया। सही समय पर सही दवा नहीं दी गई। इस कारण अनिल की मौत हो गई। परिसर में एंंबुलेंस भी नहीं है। सड़क जाम की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस के साथ एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, सीओ सिटी विवेक जावला और दक्षिणी परिसर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
बरकछा मार्ग पर दोनों ओर लगा लंबा जाम
छात्रों के सड़क पर जाम लगाने के बाद मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। एक ओर बरकछा घाटी के नीचे वीरपुर तक और दूसरी ओर बेलहरा मार्ग तक सड़क पर जाम लगा रहा। सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने वाहनों को डायर्वट किया।
वर्जन
सुबह सीने में दर्द होने पर छात्र को हेल्थ सेंटर ले जाया गया। वहां पर बीएएमएस डॉक्टर ने इलाज कर रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में घंटे भर इलाज चला पर हार्ट अटैक से छात्र की मौत हो गई। बहुत दु:खद घटना है। छात्र को बीपी की समस्या थी। परिजनों से बात की गई है। छात्र एमबीबीएस डॉक्टर की मांग कर रहे है। कुलपति को बुलाने की मांग कर रहे हैं। कुलपति को मामले से अवगत कराया गया है। उन्होंने भी दु:ख जताया है। छात्रों की मांग पर एमबीबीएस डॉक्टर की तैनाती का प्रयास होगा।
प्रो. वीके मिश्रा, आचार्य प्रभारी, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर
वर्जन
दोपहर में दक्षिणी परिसर का एक छात्र सीने में दर्द से पीडि़त होकर आया था। डॉ. सुनील सिंह और डॉ. देवर्षि पाठक ने इलाज किया। आधे घंटे तक उपचार किया गया। उसे बचाया नहीं जा सका। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
डॉ. एसके श्रीवास्तव, सीएमएच, मंडलीय अस्पताल
वर्जन
छात्रों को समझाया गया। उनकी मांग है कि कुलपति उनकी मांगोें को पूरा करने का आश्वासन दें। छात्रों की मांग है कि परिवार को 20 लाख मुआवजा मिले। हेल्थ सेंटर पर जो डॉक्टर तैनात हैं। उनको हटाया जाए। 24 घंटे में यहां एमबीबीएस डॉक्टर की तैनाती की जाए। मामले में कुलपति से बात की गई है। उन्होंने घटना को दु:खद बताते हुए छात्रों के प्रतिनिधि मंडल से मिलकर से उनकी समस्या निराकरण करने की बात कही। छात्र कुलपति को बुलाने की मांग कर रहे हैं। छात्रों को समझाया जा रहा है।
गुलाबचंद्र , एसडीएम सदर