लालगंज। हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ पुलिस पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने एडीएम को मांगों से संबंधित ज्ञापन भी दिया। चेतावनी दी कि अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों का अविलंब स्थानांतरण नहीं किया गया तो अधिवक्ता अनशन शुरू करेंगे।
बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर लालगंज तहसील परिसर में अध्यक्ष अनिल शुक्ला के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर पुलिस विरोधी नारे लगाए। एडीएम शिव प्रताप शुक्ला को ज्ञापन देकर लालगंज तहसील क्षेत्र को सूखाग्रस्त करने व अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोपी अधिकारियों का अन्यत्र स्थानांतरण कराने की मांग की। अधिवक्ता चंद्रदत्त त्रिपाठी ने अधिकारियों पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस दौरान हृदय शंकर चतुर्वेदी, राकेश कुमार दुबे, त्रिलोकनाथ दुबे, कमलेश कुमार, प्रद्युम्न दूबे, भीष्म देव सिंह, अनिल मौर्या, दुर्गा प्रसाद मिश्र, अरुण कुमार त्रिपाठी, मिथिलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।