जयगुरुदेव धर्म प्रचारक, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज महाराज की 108 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा बृहस्पतिवार को नरायनपुर ब्लॉक के सोनई गांव पहुंची। यात्रा के 84वें पड़ाव पर ग्रामीणों ने जयगुरुदेव के जयकारे, गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान आयोजित सत्संग में पंकज महाराज ने मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से शाकाहार अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों में मानव शरीर सर्वश्रेष्ठ है। इसका उपयोग आत्मकल्याण और अच्छे कार्यों में करना चाहिए। गृहस्थ जीवन में रहकर मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमाएं। शाकाहारी भोजन करें और शराब समेत अन्य नशों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि अच्छे समाज के निर्माण के लिए आपसी प्रेम, सद्भाव और मानव धर्म को अपनाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से गांवों को शाकाहारी, सदाचारी और नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को नामदान देने के साथ सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि भी समझाई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री मोतीलाल सिंह, भगवानदास, मंजू देवी, पूर्व प्रधान लालता प्रसाद, विजेंद्र पटेल, ग्राम प्रधान महेंद्र और हरशूपति सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।