मिर्जापुर। मिशन शक्ति के तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। एक मार्च सोमवार से इस कार्यक्रम का आगाज होगा। इसके लिए स्कूल महानिदेशक ने सभी बीएसए को आदेश जारी कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति के तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाली किशोरियों को अपनी सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित कराने का निर्देश दिया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक इन छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगे। उनको जूडो- कराटे के साथ ही आत्मरक्षा के अन्य उपायों की जानकारी देंगे। इसके लिए संबंधित विद्यालय में कार्यशाला का आयोजन कर उनको प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए उच्च प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं को ही चिह्नित किया गया है। जिले में कक्षा छह से कक्षा आठ तक में पढ़ने वाली किशोरियों की संख्या लगभग 40 हजार है। जिले के पांच सौ विद्यालयों में इस कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में अनुदेशक अपने विद्यालय की छात्राओं को तो प्रशिक्षित करेंगे ही। साथ में यदि आसपास कोई अन्य ऐसा विद्यालय है तो उसकी छात्राओं को भी प्रशिक्षित करेंगे।