मिर्जापुर। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने शुक्रवार को जसोवर स्थित काव्या ऑक्सीजन गैस एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था के संचालक को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मण्डलायुक्त ने ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए मंडलीय अस्पताल में 10 ऑक्सीजन टंकी तत्काल भिजवाया। साथ ही जिलाधिकारी भदोही से बात कर वहां से भी 15 ऑक्सीजन गैस सिलेंडर मंडलीय अस्पताल में उपलब्ध कराया।
मंडलायुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मंण्डलीय अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण करते रहें। यदि ऑक्सीजन की कमी आती है तो उसकी तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दें। जिससे कि समय पर अस्पताल में ऑक्सीजन की व्यवस्था कराई जा सके। मण्डलायुक्त ने कहा कि हम मरीजों को ऑक्सीजन की कमी से मरने नहीं देंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।