डीआईओएस ने परीक्षक को किया कार्यमुक्त
नगर के राजस्थान इंटर कालेज में मूल्यांकन के बाद प्राप्तांकों के अंकन में लापरवाही पर जिला विद्यालय निरीक्षक देवी सहाय तिवारी ने एक परीक्षक को कार्य मुक्त कर दिया। साथ ही अन्य परीक्षकों से कहा कि मूल्यांकन में थोड़ी सी भी लापरवाही से किसी 0बच्चे का भविष्य प्रभावित हो सकता है। मूल्यांकन में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, ऐसे परीक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम वित्त व राजस्व विजय बहादुर ने स्व. कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज में मूल्यांकन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मूल्यांकन कार्य में संतुष्टि जताया।
नगर के चार मूल्यांकन केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की कापियों का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। मंगलवार को राजस्थान इंटर कालेज में निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने पाया कि चंद्रशेखर आजाद इंटर कालेज के नियुक्त परीक्षक द्वारा अंकन करते समय एवार्ड ब्लैंक पर 36 के स्थान पर 34 लिख दिया गया है। जिसको घोर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्यमुक्त करने का आदेश केंद्राध्यक्ष को दिया।
कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज की केंद्राध्यक्ष अनिता यादव ने बताया कि मंगलवार को 13 हजार 672 कापियां जांची गई। एएस जुबिली इंटर कालेज के केंद्राध्यक्ष निजामुददीन ने बताया कि केंद्र पर 21 हजार 635 कापियों का मूल्यांकन किया गया। राजस्थान इंटर कालेज के केंद्राध्यक्ष अशोक शुक्ला ने बताया कि 40 डिप्टी हेड और 228 परीक्षकों द्वारा नौ हजार 500 कापियों का मूल्यांकन किया गया। बीएलजे इंटर कालेज में व्यावसायिक और संस्कृत की कापियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है।