मिर्जापुर। एक करोड़ से ज्यादा लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति खराब मिलने पर मंडलायुक्त ने छह अधिकारियों पर कार्रवाई की है। शनिवार को समीक्षा के दौरान उन्होंने जल निगम के सोनभद्र के अधिशासी अभियंता, जल निगम के अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम के मंडल अभियंता को बैठक में नहीं आने तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा सहायक अभियंता के खिलाफ काम में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. ने कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में एक करोड़ से ज्यादा लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने मिर्जापुर में 50 शय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालय के काम में लापरवाही बरतने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारी को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने का निर्देश दिया। अति पिछड़े नक्सल प्रभावित क्षेत्र मड़िहान में 100 छात्राओं के क्षमता वाले बालिका छात्रावास के निर्माण के बारे में बताया गया कि समय से काम पूरा हो जाएगा। वृहद गो संरक्षण केंद्र देवरी कला के निर्माण के संबंध में बताया गया कि काम प्रगति पर है, इस पर मंडलायुक्त ने उप निदेशक पशुपालन को गुणवत्ता की जांच की जांच के साथ ही समय-समय पर निरीक्षण करने का निर्देश दिया। घोरावल मार्ग के निर्माण के बारे में बताया कि काम में कुछ स्थानों पर वन विभाग की जमीन पड़ने पर अवरोध पैदा हो रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने सीडीओ को एक कमेटी बनाकर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। सोनभद्र व भदोही में निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी मंडलायुक्त ने समीक्षा की। बैठक में सीडीओ विशाल कुमार, भदोही शिवाकांत द्विवेदी, सोनभद्र शेषनाथ सिंह चैहान, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।