मिर्जापुर, विंध्याचल और चुनार स्टेशनों पर चला विशेष टिकट जांच अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। प्रयागराज मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा रोकने के लिए जुलाई में चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में मिर्जापुर, विंध्याचल और चुनार स्टेशनों पर 2,540 यात्रियों पर कार्रवाई कर 21.83 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में 1 से 31 जुलाई तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। मिर्जापुर स्टेशन पर 2,160 यात्रियों से 19.30 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। इनमें 738 बिना टिकट, 1,141 अनियमित टिकट वाले यात्री औश्र 281 धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले शामिल थे।
विंध्याचल स्टेशन पर 233 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.36 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। इनमें 186 बिना टिकट, 26 अनियमित टिकट वाले तथा 21 धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले यात्री शामिल थे।
चुनार स्टेशन पर 147 यात्रियों से 1.15 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। यहां 69 बिना टिकट, 12 अनियमित टिकट वाले और 66 धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।