विकास भवन में शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में बेसिक शिक्षा, बाल विकास और पुष्टाहार राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने मातहतों को अवैध खनन पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया।
कहा कि जिले में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं। निर्देश दिया कि खनन को बंद किया जाए। खान विभाग को यदि प्रशासन और पुलिस की आवश्यकता है, तो पुलिस बल मुहैया कराया जाएगा। बावजूद अवैध खनन की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ के कार्याें की समीक्षा के दौरान जिले में डग्गामार वाहनों के संचालन पर भी नाराजगी जताई। कहा कि जिले में डग्गामार ओवर लोड वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। डग्गामार और ओवरलोड वाहनों का संचालन तत्काल बंद किया जाए। पेड़ोें की कटाई और अवैध आरा मशीनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की बात कही। राज्यमंत्री ने कहा कि किसान मौसम की मार से परेशान हैं। किसानों को अविलंब सहायता प्रदान की जाए।
उन्होंने कोआपरेटिव को निर्देश दिया कि किसानों को बीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। जल निगम की समीक्षा के दौरान कहा कि भीषण गर्मी पड़ रही है। खराब और रिबोर योग्य हैंडपंपों की सूची बना लें और प्राथमिकता पर रिबोर कराएं। फायर ब्रिगेड को हर समय तैयार रहने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ अमित कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र, पीडी राजीव बनकटा, डीसी सुशील कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।