अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। जिले के प्रभारी अधिकारी एवं प्रमुख सचिव दिव्यांगजन महेश गुप्ता ने कार्यदायी संस्थाओं से दो टूक शब्दों में कहा कि सभी निर्माण समय से कराए जाएं। निर्माण में अकारण देरी होने पर रिवाइज इस्टीमेट भेजने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह बात उन्होंने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक में कही।
समीक्षा के दौरान पता चला कि पांच एंबुलेंस तीन महीने से खराब हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएमओ डा. उमेश यादव से कहा कि तत्काल एजेंसी से कहकर एंबुलेंस ठीक कराएं। सिंचाई विभाग के अफसरों से नहरों में पानी टेल तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि रबी की फसल की कार्ययोजना बना लें और समय रहते बीज का इंतजाम कर लें। पेयजल योजनाओं तथा सड़कों के निर्माण में तेजी लाकर समय के भीतर काम पूरा करने को कहा। रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने, लो बोल्टेज की समस्या दूर करने का निर्देश दिया। फसल बीमा राशि समय एजेंसी को भेजना सुनिश्चित करने और उप निदेशक कृषि से इसकी समीक्षा करने कोे कहा। नगर पालिकाओं में स्वच्छता मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण समय से पूरा कराने का निर्देश दिया।
कुपोषितों की संख्या नहीं बता पाए
कैलहट। प्रमुख सचिव ने नरायनपुर विकास खंड के बाल विकास परियोजना अधिकारी केके सिंह से कुपोषित बच्चों की जानकारी मांगी। सही जानकारी न दे पाने पर मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने उन्हें फटकार लगाई और चेतावनी दी कि आंकड़े को याद करके ही निरीक्षण में आएं।
ग्राम गौरव यात्रा में हुए शामिल
कैलहट। प्रमुख सचिव समीक्षा बैठक के बाद नरायनपुर के रामपुर गांव के ओडीएफ घोषित होने पर निकाली गई गौरव यात्रा में शामिल हुए। लोग ढोल मंजीरे बजाते और स्वच्छता का नारा लगाते चल रहे थे। यात्रा के बाद प्राथमिक विद्यालय में एक कार्यक्रम में प्रमुख सचिव ने गांव के विकास कार्यों की समीक्षा की। ग्रामीणों से सरकार की ओर से मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। स्वच्छता प्रेरकों को सम्मानित किया। जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे, मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन, जिला पंचायत राज अधिकारी बालेश्वर द्विवेदी,जिला कोआर्डिनेटर विनोद कुमार श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान अर्चना देवी साथ रहे।