अहरौरा के हनुमान पहाड़ी तथा चुनार के सेमरी ढलान के पास रविवार की रात चालक ,खलासी समेत तीन लोगों को गोली मार कर लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे कार सवार पांच बदमाशों को चुनार तथा मड़िहान की पुलिस ने घेराबंदी कर सत्तेशगढ़ आश्रम के पास से देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने लूट का पैसा, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए असलहे समेत वाहन भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर निवासी देवरी नीबी अदलहाट, बीरू अंबुज ऊर्फ अंकू पचेंगड़ा अदलहाट, नीलेश ऊर्फ बबलू निवासी गड़ौरी अदलहाट, अमन पटेल पचेगड़ा अदलहाट शामिल है।
रविवार की देर रात एक ट्रक अहरौरा से सोनभद्र के डाला से गिट्टी लोड करने जा रहा था।
पहले से घात लगा कर बैठे कार सवार बदमाश केबिन में चढ़ गए और खलासी विनीत यादव निवासी कूबा चुनार के पैर में गोली मार कर करीब 50 हजार रुपया लूट ले गए।
अहरौरा में लूट की घटना को अंजाम देन के बाद कार सवार बदमाश राजगढ़ -चुनार मार्ग के रास्ते में भाग रहे थे कि उनको एक ट्रैक्टर आता हुआ दिखाई दिया। जिसे लूटने के लिए ओवर टेक करने लगे।
चालक द्वारा गाड़ी नहीं रोकने पर बदमाशों ने तमंचे से उसके ऊपर फायर झोंक दिया। जिसमें चालक संजय ऊर्फ सोनू 21 वर्ष तथा खलासी रवि गौड़ 20 वर्ष निवासी समेरी के सीने तथा हाथ में कई छर्रे लग गए।
गाड़ी रोकने पर बदमाश चालक के पास मौजूद पैसे को लूट कर भाग निकले थे।
खबर लगते ही एसपी के निर्देश पर मड़िहान थानाध्यक्ष पकंज यादव, राजगढ़ चौकी इंचार्ज योगेश यादव, तथा चुनार कोतवाल अभय सिंह एवं सक्तेशगढ़ की फोर्स बदमाशों को पकड़ने के लिए निकल पड़ी।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चुनार तथा अहरौरा में लूट करने की बात कबूली।