मड़िहान। तहसील क्षेत्र के पटेहरा कला गांव की महिलाओं ने मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि कोटेदार दो महीने अंगूठा लगवाता है और एक महीने का राशन देता है। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को शिकायती पत्र भी दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने आपूर्ति निरीक्षक को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
तहसील क्षेत्र के पटेहरा कला गांव की महिलाओं ने एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कोटेदार अंगूठा लगवाने पर राशन देने के लिए अगले महीने बुलाया है। इससे पहले भी कोटेदार की शिकायत की जा चुकी है। बीते दो मार्च को भी तहसील का घेराव किया था। उस दौरान भी अधिकारियों ने जांच का आश्वासन देकर लौटा दिया था। ग्राम पंचायत की आबादी अधिक होने के कारण पटेहरा कला में दो दुकानें हैं। एक कोटे की दुकान से राशन वितरण की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर ग्रामीणों ने दूसरे दुकान से संबद्ध करने की मांग की। आपूर्ति निरीक्षक विकास सोनकर ने बताया कि शिकायत की जांच कर एसडीएम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।