विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के रेहड़ा चुंगी के पास रविवार की शाम को दवा व्यवसायी के मेडिकल स्टोर पर तमंचा सटाकर रंगदारी मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को पटेंगरा नाला रेलवे ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बड़ा बगीचा निवासी नृपेंद्र कुमार कुशवाह का रेहड़ा चंगी पर मेडिकल स्टोर है। वह रविवार की शाम को अपने मेडिकल स्टोर पर बैठा था। इस दौरान विंध्याचल रोडवेज निवासी राहुल कुमार उर्फ लल्ला वर्मा पुत्र रेशमलाल वर्मा उनके मेडिकल स्टोर में आया और नृपेंद्र कुमार को तमंचा सटाकर पैसा मांगने लगा। रंगदारी न देने पर धमकी देने लगा। तमंचा सटा होने से डरे सहमे नृपेंद्र ने किसी तरह हिम्मत दिखाकर उसका तमंचा उससे छीन लिया। तमंचा छिनने पर बदमाश वहां से भाग गया। सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची तो उसे तमंचा दिया। इसके बाद नृपेंद्र थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ तहरीर दिया। पुलिस आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को पटेंगरा नाला रेलवे ब्रिज के पास से आरोपी राहुल कुमार उर्फ लल्ला वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 20 ग्राम हेरोईन बरामद किया।