मिर्जापुर। जिले की चारों तहसील पर शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बिजली कटौती, राजस्व और वन विभाग से जुड़े विवादों क मामले सबसे ज्यादा आए। चारों तहसीलों में 392 शिकायतें आईं, जिनमें से 41 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में खैरही की महिला ने पत्थरगड्डी होने और लेखपाल को रुपये देने के बाद भी कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। कहा कि कई बार से आवेदन दे चुकी है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
खैरही निवासी मैना देवी का आरोप था कि उसकी भूमि की पैमाइश व पत्थरगड्डी 12 जुलाई 2009 को ही हो गई लेकिन कब्जा नहीं दिलाया गया। आरोप लगाया कि लेखपाल ने उससे 25 हजार रुपये भी ले लिया। उसने रुपये वापस कराने और कब्जा दिलाने की मांग की। एडीएम अजय कुमार सिंह, एएसपी नितेश कुमार, एसडीएम सदर गुलाबचंद्र, सीओ सदर अमर बहादुर आदि थे।
सदर तहसील में 193 मामले आए जिसमें से 25 का निस्तारण हुआ। लालगंज: संपूर्ण समाधान दिवस में 78 मामले आए जिनमें से नौ का निस्तारण हुआ। एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में देवहट निवासी दिलीप कुमार ने आवेदन देकर मिर्जापुर और प्रयागराज जनपद की सीमा स्पष्ट किए जाने की मांग की। नदनी गांव निवासी विजय शंकर यादव ने चकमार्ग पर खड़ंजा लगाए जाने की मांग रखी। ग्राम अतरैला राजा के हीरालाल ने गांव के ही कुछ लोगों पर भूमि अतिक्रमण का आरोप लगाया।जबकि मझियार गांव निवासी राजकुमार ने वन विभाग पर उनकी निजी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस मौके पर तहसीलदार दीक्षा पांडेय, क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह, नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा, खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी, रेंजर डॉ. संजय सिंह आदि उपस्थित रहे।
मड़िहान: सम्पूर्ण समाधान दिवस पर शिकायती पत्र देकर मूलचंद्र ने अपने सगे भाई रमेश पर आरोप लगाया कि उनकी माता देवी पत्नी भाईलाल को इलाज कराने के बहाने तहसील ले गया और उपनिबंधक कार्यालय में हिस्से की पूरी जमीन पर इकरारनामा करा लिया। दूसरा मामला खोराडीहा गांव से रमेश चौहान तथा अरुण पाल का रहा। उन्होंने शिकायती पत्र देकर जूनियर इंजीनियर पर आरोप लगाया कि छह महीने पहले बिजली कनेक्शन के लिए सात हजार रुपए दिए। इस दौरान 46 फरियादी शिकायती पत्र लेकर समाधान के लिए पहुँचे थे। तीन मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। उप जिला मजिस्ट्रेट शक्ति सिंह, तहसीलदार एके पांडेय, नायब तहसीलदार लालचंद, सीओ आप्रेशन मुनेंद्र पाल सिंह आदि थे।
चुनार: संपूर्ण समाधान दिवस में आये फरियादियों की समस्याओं को मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सुना।तहसील क्षेत्र के शेरवां गांव निवासी हृदयनारायन ने शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि गांव में स्थित ग्राम सभा के तालाब की भूमि पर गांव के ही कुछ लोग कब्जा कर लिए हैं। मुक्त कराया जाएं।कुल 75 प्रार्थना पत्र पडे़। जिसमें मौके पर चार का निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार योगेन्द्र शरण शाह पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।