जिले में तीन स्थानों पर शुक्रवार को हुई दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अहरौरा के नवनिर्मित तीन तखवा पुल के पास सुबह सात बजे एक ट्रक करीब साठ फीट गहरी खाई में गिर गया। इसमें खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। उधर, शेरवां के जिवनाथपुर रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार की दोपहर दो बजे ट्रैक्टर से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र बाल-बाल बच गया।
अहरौरा संवाददाता के अनुसार, छत्तीसगढ़ से एक ट्रक स्पंज आयरन लोडकर शुक्रवार को वाराणसी जा रहा था। सुबह करीब सात बजे वह जैसे ही अहरौरा के तीन तखवा पुल के पास पहुंचा तभी उसका गुल्ला टूट गया। इससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब साठ फीट गहरी खाई में गिर गया। ट्रक के नीचे गिरते ही दबकर अदलहाट के शेरपुर थाना क्षेत्र के कटीले निवासी खलासी दाऊ (19) की मौके पर ही मौत हो गई, बिजरोही, चुनार निवासी चालक रामसेवक (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चालक को बीएचयू भेज दिया, लेकिन उसे खलासी का शव बाहर निकलवाने में लगभग तीन घंटे लग गए। इस दौरान पुल पर भीड़ के चलते काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
उधर, शेरवां संवाददाता के अनुसार अदलहाट के बाराडीह गांव निवासी श्याम लाल की पत्नी शांति देवी (65) अपने बेटे अशोक सिंह के साथ शुक्रवार को बीएचयू से दवा लेकर दोपहर करीब दो बजे घर लौट रही थीं। उनकी बाइक जैसे ही जिवनाथपुर-कंचनपुर रेलवे मार्ग पर पहुंची, तभी मिट्टी लोडकर आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मां-बेटा सड़क पर गिर गए। नीचे गिरते ही ट्रैक्टर महिला को कुचलते हुए निकल गया, जबकि दूर गिरने से बेटा बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
विंध्याचल संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के भैरों मंदिर के पास शुक्रवार की सुबह पांच बजे बोलेरो से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मोहल्लेवासियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए मंदिर के पास एक ब्रेेकर बनवाने की मांग की। कहा कि प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटना में यहां पांच लोगों की जान चली जाती है। इसलिए यहां ब्रेकर बनवाना जरूरी है। कंतित दर्जीयान बस्ती मोहल्ला निवासी सिरशाद (19) पुत्र जमील शाह शुक्रवार की भोर करीब चार बजे घर से उठकर टहलने गया था। सुबह करीब पांच बजे वह पैदल ही गजिया की ओर जा रहा था तभी मिर्जापुर की ओर से विंध्याचल जा रही बोलेरो ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे विंध्याचल थानाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने शव का पंचनामा कर परिवार को सौंप दिया।