मिर्जापुर। यातायात माह नवंबर में भी सड़क हादसे नहीं रुक रहे हैं। नवंबर माह में रविवार तक 12 लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है। इस हिसाब से इस महीने हर दिन एक व्यक्ति की हादसे में जान जा रही है।
जिले के मड़िहान, अदलहाट, जमालपुर, अहरौरा और चील्ह आदि क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 11 लोग जान गंवा चुके हैं। जान गंवाने वालों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। हादसों में मृत लोगों के परिजनों का कहना है कि सड़क पर वाहन चलाने वालों का यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। मड़िहान थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी जगदीश के 40 वर्षीय पुत्र शारदा की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। पिता को मुखाग्नि देने के बाद नाबालिग पुत्र अचेत हो गया। हादसे में मृत शारदा के पिता जगदीश ने बताया कि शारदा उनके सबसे बड़े पुत्र थे। परिवार के साथ अलग रहते थे। खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से उनके पुत्र की जान चली गई। सड़क हादसे न हों, इसके लिए संभागीय परिवहन विभाग व पुलिस को ध्यान देना चाहिए। जमालपुर थाना क्षेत्र के जिवनाथपुर कंचनपुर स्टेट हाईवे पर बाइक के टक्कर से खिरौड़ी गांव निवासी राजनाथ पांडेय की मौत होने के बाद उनके दोनों पुत्र गुजरात से आए। राजनाथ के दो पुत्र रविशंकर पांडेय व मनोज पांडेय अपने परिवार के साथ सूरत गुजरात में रहते हैं। दो पुत्रियां सरिता तिवारी और वंदना की शादी हो चुकी है। राजनाथ अपनी पत्नी सरस्वती के साथ गांव में रहते थे। बड़े पुत्र रवि शंकर गुजरात में टीचर हैं। छोटे पुत्र मनोज कुमार पांडेय गुजरात में साड़ी का कारोबार करते हैं। रविशंकर ने बताया कि उनके बाहर रहने पर पिता ने घर की जिम्मेदारी संभाली थी। पिता उनके साथ नहीं थे, परंतु पिता का साया उनके साथ था। बाइक की तेज रफ्तार ने उनसे पिता का साया छीन लिया। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर अहरौरा थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। पुत्र की मौत से पिता राजकुमार की आंखों के आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। रोते हुए बताया कि नौकरी की तलाश में निकाल विकास अब कभी लौटकर नहीं आएगा। मेहनत मजदूरी करके किसी तरह जीविकाेपार्जन के बावजूद घर की माली हालत सुधर नहीं रही थी तो विकास बहन की शादी के लिए कमाकर पैसे लाने की बात कहता था। सपना था कि उनका पुत्र बड़ा आदमी बने, परंतु तेज रफ्तार हाईवा ने उनसे उनका पुत्र छीन लिया।