विंध्याचल मंदिर अधिग्रहण के विरोध में बुधवार को श्री विंध्य पंडा समाज ने रैली निकाली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
श्री विंध्य पंडा समाज ने खत्री धर्मशाला से रैली निकाल कर मंदिर अधिग्रहण के विरोध में आवाज उठाई। रैली में बच्चे भी शामिल हुए। रैली को श्री विंध्य पंडा समाज के कोषाध्यक्ष तेजन गिरी और पार्षद गौतम द्विवेदी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली सदर बाजार, कोतवाली गली, बंगाली चौराहा, बरतर तिराहा, बावली चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, राम-जानकी मंदिर गली, चामुंडा गली, पश्चिम मुहाल, विंध्य महादेव, मां विंध्यवासिनी मंदिर होते हुए खत्री धर्मशाला पहुंच कर समाप्त हुई।
सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंदिर अधिग्रहण से हजाराें परिवार के लोग बेरोजगार हो जाएंगे। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंदिर की छत पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बांह पर काली पट्टी बांधकर मंदिर अधिग्रहण का विरोध किया।
विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री श्री उपाध्याय और कार्यकर्ताआें ने कहा कि मंदिर अधिग्रहण पूरा नहीं होने दिया जाएगा। नगर उपाध्यक्ष शुभम राय ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करेगी। इस दौरान अंकितेश मिश्र, नागेंद्र उपाध्याय, पुलस्त, मुकेश, राजा, बच्चा, योगेश, अनमोल आदि रहे।