राजगढ़। गैर जनपद से शादी रचाने के लिए आई महिलाएं मंगलवार को मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ पुलिस चौकी अंतर्गत लड़के पक्ष से 80 हजार रुपये लेकर भाग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस चार महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
राजगढ़ क्षेत्र के कई गांव की कुछ संगठित महिलाओं का समूह गैर जनपद के युवाओं की शादी कराने के नाम पर ठगी कर रहा। अलीगढ़ जनपद के बदला थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव निवासी पंकज कुमार ने राजगढ़ पुलिस चौकी पर तहरीर देकर बताया कि धनावल गांव निवासिनी एक महिला पूर्व परिचित थी। उसने उसे फोन कर उसके भाई गणेश की शादी कराने के लिए बुलाया था। पीड़ित अपने भाई के साथ मंगलवार की सुबह नौ बजे नदिहार बाजार पहुंचा। जहां जालसाजी करने वाली महिलाओं ने अलग-अलग खातों में 80 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मंगलवार को घर पर वर पक्ष को बुलाया था। मंगलवार को लगभग 12 बजे जब वे पहुंचे तो वे घर पर ताला मिला। फोन से संपर्क करने पर पुन: 25 हजार रुपये की मांग की। वर पक्ष ने इस संबंध में तहरीर दी। मामला संज्ञान में लेते हुए चौकी प्रभारी अवधेश सिंह भागलपुर गांव पहुंचे। शादी के नाम पर आए दिन ठगी करने वाली कुछ महिलाओं को चिह्नित भी किया। लेकिन महिलाएं पुलिस पर ही हमला करने पर उतारू हो गईं। चौकी प्रभारी की सूचना पर मड़िहान थाना के सब इंस्पेक्टर सर्वानंद सिंह महिला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चार महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।