इमलिया चट्टी क्षेत्र के अतरौली खुर्द नहर के पास पुआल की आग से झुलसकर युवक की मौत के बाद रोते पर
अहरौरा। इमलियाचट्टी क्षेत्र स्थित अतरौली खुर्द नहर के पास बृहस्पतिवार की दोपहर में खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली पर पुआल लादकर घर ले जाते समय बिजली के तार से पुआल से छू जाने के कारण आग लग गई। वहां मौजूद आशुतोष सिंह (30) मदद करने के लिए पहुंचा। आग बुझाने के दौरान ट्रॉली पलटने के कारण वह पुआल में दबकर झुलस गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
भुड़कुड़ा गांव में खेत में पड़े पुआल को किसान बृहस्पतिवार की दोपहर ट्रैक्टर ट्रॉली में लाद कर ढुलाई करा रहा था। ट्रैक्टर अतरौली खुर्द नहर के पास पहुंचा था कि ऊपर से गुजरे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से पुआल में आग लग गई। हादसा होते देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। तभी किसान ने ट्रैक्टर बचाने के लिए ट्रॉली को अलग कर दिया। संंतुलन बिगड़ने के कारण ट्रॉली पलट गई। आग बुझा रहे आशुतोष आग में फंसकर झुलस गए। मौजूद ग्रामीणों ने आशुतोष को बाहर निकालकर चेचरी मोड़ सीएचसी ले गए। जहां आशुतोष की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक का एक साल पहले विवाह हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। थानाध्यक्ष सदानंद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पुआल की आग को बुझाने के दौरान झुलसने से युवक की मौत हो गई।