राजगढ़। जहरखुरानी के शिकार युवक को बेहोशी की हालत में पुलिस ने बुधवार को देर शाम को सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
छत्तीसगढ़ के बगीचा थाने के मरोल अम्बिकापुर गांव निवासी महेंद्र ने बताया कि उनका छोटा भाई वीरेंद्र राम हिमाचल प्रदेश में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। छठ पूजा पर हिमाचल प्रदेश से अपने घर मरोल अम्बिकापुर लौट रहा था। वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बस से घर के लिए चला था। इसी बीच रास्ते में जहरखुरानों ने वीरेंद्र को कुछ खिला दिया। इससे वह अचेत हो गया। इसके बाद जहरखुरान उसके बैग में रखे पांच हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। वीरेंद्र किसी तरह से बस से राजगढ़ थाने के भांवा बाजार पहुंचा। बस से नीचे उतरकर डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचने से पहले वह फिर अचेत हो गया।मौके पर पहुंची पुलिस वीरेंद्र को अचेत अवस्था में सीएचसी ले गई और परिजनों को सूचना दी। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, सीएचसी राजगढ़ पहुंचे युवक के परिजन उसे इलाज कराने के लिए सोनभद्र जनपद ले गए। थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि अचेत अवस्था में मिले युवक को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे रेफर किया गया। परिजन उसे इलाज के लिए ले गए।