लालगंज। थाना क्षेत्र के लालापुर गांव में बृहस्पतिवार की रात को कमरे में पंखे पर साड़ी का फंदे से लटककर युवक ने जान दे दी। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने रोशनदान से फंदे से लटका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया।
क्षेत्र के लालापुर गांव निवासी परमहंस मौर्या के 28 वर्षीय पुत्र महेश की शादी हो चुकी थी। उसे एक तीन वर्ष की पुत्री है। महेश पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। परिजनों के मुताबिक पिछले तीन माह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। वह अपने कमरे में सोता था और सुबह देर से उठता था। इस कारण परिजन परेशान चल रहे थे। गुरुवार की रात महेश ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाया और पंखे से लटककर जान दे दी। सुबह कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को लगा वह सो रहा होगा। सुबह जब परिजन बगल के कमरे में प्याज लेने गए, तो देखा महेश के कमरे का दरवाजा बंद है। रोशनदान से झांककर देखा तो वह फंदे पर लटकर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।