मड़िहान। अमोई गांव में रविवार की सुबह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से युवक झुलस गया। अचेत अवस्था में इलाज के लिए उसे सीएचसी मड़िहान ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजन आक्रोशित हो गए। पुलिस को शव को कब्जे में लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह द्वारा समझाने व आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर परिजन माने।
युवक के पिता जंगाली ने तहरीर देकर बताया कि अमोई पहड़ी पर लगा 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। इसकी शिकायत 26 सितंबर को ऑनलाइन की गई थी। सूचना के बावजूद कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया। दीपनगर विद्युत उपकेंद्र से सुबह अमोई फीडर से बिजली आपूर्ति की गई। इस दौरान हाई वोल्टेज करंट आते ही घर में लगे उपकरण धू-धू कर जलने लगे। उपकरण जलते देख 25 वर्षीय संजय बोर्ड से मोबाइल चार्जर निकालते गया तो करंट की चपेट में आकर झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन उसे एंंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी मड़िहान ले गए। जहां देखते ही डॉ. आरएस वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। संजय से एक साल की बेटी है। घटना के बाद थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने विद्युत निगम के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु मोबाइल फोन बंद मिला। अंतिम संस्कार के लिए विद्युत निगम द्वारा चार हजार रुपये का सहयोग परिजनों को किया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि युवक के पिता की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।