मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के बंगाली तिराहा स्थित गलियों में बृहस्पतिवार देर रात करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने जेल में बंद नगर पालिका मिर्जापुर के विंध्याचल वार्ड के सभासद अवनीश मिश्रा के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजा पीटकर उसे तोड़ने का प्रयास किया। घटना से भयभीत सभासद की पत्नी प्रतीक्षा मिश्रा ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो गए। पूरी हरकत मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। शुक्रवार को सभासद की पत्नी प्रतीक्षा मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से मुलाकात कर लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी। प्रतीक्षा मिश्रा ने बताया कि उनके पति अवनीश मिश्रा जेल में हैं। घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं है।
वह अपनी सास और बच्चों के साथ रहती हैं। बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे करीब दस नकाबपोश लोग घर के बाहर पहुंचे और पहले सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया। मुख्य दरवाजे को पीटते हुए उसे तोड़ने का प्रयास करने लगे। सीसीटीवी में बदमाशों को देखने के बाद उन्होंने अनहोनी की आशंका से तत्काल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। संवाद