जिगना। प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र के प्रेमी-प्रेमिका ने घर से 10 किमी दूर जिगना थाना क्षेत्र के चड़ेरु चौकठा गांव में शुक्रवार की रात 11 बजे ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। ट्रेन के चालक ने रेल प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची जिगना पुलिस ने शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी।
प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के महेवाकला गांव निवासी नंदलाल का बेटा शुभम सोनकर (23) और पास के चकडीहा गांव की अंजली (20) के बीच प्रेम संबंध था। शुभम दिल्ली में एक कंपनी में दो साल से काम करता था। 13 मई को वह अंजली को भी दिल्ली ले गया था, जहां दोनों साथ रहते थे। नंदलाल ने बताया कि छह जुलाई को शुभम घर आया था।
शुक्रवार को शाम पांच बजे बड़े भाई सत्यम सोनकर से दिल्ली जाने के लिए किराया लिया। उसकी प्रेमिका अंजली कहां थी, यह दोनों के परिवार को नहीं पता था। इसके बाद रात 11 बजे जिगना के चड़ेरु चौकठा गांव के पास शुभम और अंजली विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने कूद गए। इससे उनकी मौत हो गई। ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी।
हादसे की सूचना पाकर जिगना पुलिस पहुंची। युवक के पास मिले आधार कार्ड से शिनाख्त होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। शनिवार को सुबह दोनों के परिजन थाने पहुंचे। युवती के पिता राजेश और युवक के पिता नंदलाल का कहना था कि उनके प्रेम संबंध पर कोई आपत्ति नहीं थी। ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है।
युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वहीं, युवती दो भाइयों और चार बहनों में तीसरे नंबर की थी। युवक की मां रामा देवी व युवती की मां कुसुम रोते-रोते बदहवास हो गईं। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी है।