हलिया मूर्तिहवा जंगल में लगी आग, स्रोत संवाद
तीसरे दिन पहुंची वन विभाग की टीम, देर शाम तक नहीं पाया जा सका काबू
हलिया। ड्रमंडगंज वन रेंज के मध्यप्रदेश सीमा से सटे बबुरा रघुनाथ सिंह वनक्षेत्र स्थित मूर्तिहवा जंगल 15 हेक्टेयर क्षेत्र में तीन दिन से आग धधक रही है। आग की चपेट में आने से जंगल के हरे-भरे पेड़-पौधे जलकर राख हो रहे हैं। वहीं, वन्यजीवों पर भी संकट मंडरा रहा है।
सोमवार को जंगल में आग लगी थी, लेकिन सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम दो दिन तक नहीं पहुंची। बुधवार को तीसरे दिन वन विभाग की टीम पहुंची और आग बुझाने में जुटी रही। देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। ग्रामीणों ने बताया कि आग से वन्य जीव इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि वह वनकर्मियों के साथ आग बुझाने में लगे रहे। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी है। जल्द ही स्थिति सामान्य कर ली जाएगी।