मिर्जापुर। घर से नाराज होकर जा रहे बच्चे को ट्रेन में चोर समझकर यात्रियों ने पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रेन में मिले नाबालिग को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत अस्पताल में उपचार कराकर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे हेल्प लाइन को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 03213 (हड़पसर स्पेशल फेयर पूजा स्पेशल) में एक बच्चे को बिना टिकट यात्रा करते हुए यात्रियों ने पकड़ लिया है। सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र दूबे टीम के साथ मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन को अटेंड किया। इसके बाद बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ में पता चला कि बच्चा बिहार प्रदेश का रहने वाला है। वह घर से नाराज होकर भाग आया है। रास्ते में कुछ यात्रियों ने उसे चोर समझकर पीट दिया है। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने उसे मंडलीय अस्पताल भेजा गया। बालक के पिता को सूचना दी गई है। मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्प डेस्क मिर्जापुर को दी गई।