मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के नेताओं के पुतला फूंकने वाले को जिंदा फूंकने के बयान पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
महासभा के प्रतिनिधियों ने सोमवार को एसएसपी सोमेन बर्मा से मिलकर दोनों सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी और पूर्व जिला अध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव पर कार्रवाई करने की मांग की।
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक सिंह धवल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता जानबूझकर भड़काऊ बयान दे रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने वालों को जिंदा जलाने की धमकी दे रहे हैं।
इससे माहौल खराब हो रहा है। दोनों नेताओं पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन होगा। दिलीप सिंह गहरवार ने कहा कि यह लोग देशद्रोहियों के पक्ष में खड़े हैं। वोट बैंक की राजनीति के लिए बाबर और औरंगजेब में अपने रहनुमा तलाश रहें हैं। यह जाति की नहीं है बल्कि महापुरुषों के सम्मान की लड़ाई है।
कहा कि सपा कार्यालय भी गलत तरीके से बना है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। 12 अप्रैल को बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होगा। इस अवसर पर संतोष सिंह, अजय प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह, आयुष सिंह, अजीत कुमार सिंह, संतोष ओझा आदि रहे।