नरायनपुर। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के बरईपुर इमामबाड़ा के सामने बृहस्पतिवार की शाम को ट्रक ने कुचल दिया। इससे बाइक सवार अध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अदलहाट थाना क्षेत्र के गरौड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय ताहिर पुत्र सैफुद्दीन अलहुआ गांव के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक थे। वह बृहस्पतिवार को बाइक से नरायनपुर की ओर से टेंगरा मोड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में बरईपुर गांव के पास टेंगरा मोड़ की ओर से आ रही ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। ट्रक से कुचलकर बाइक सवार अध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराया। शिनाख्त होने पर अध्यापक के परिजनों को सूचना दिया गया। अध्यापक के मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक को दो पुत्र है। पिता की मौत से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था।