मिर्जापुर के चुनार कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर सुंदरपुर ईंट भट्ठा के पास रविवार की रात करीब नौ बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए सीएचसी चुनार ले गई। जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में एक युवक की मौत हो गई।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। जमुई निवासी 28 वर्षीय दीपचन्द पुत्र विजय कुमार व 24 वर्षीय राकेश पुत्र पंडित रविवार की रात करीब नौ बजे बरेवां ट्रक से बालू उतरवाने जा रहे थे। चुनार कोतवाली क्षेत्र के सुन्दरपुर गौरव ईट भट्ठा के पास पहुंचे थे कि जमुई से वाराणसी जा रहे ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया।
ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कजरहट चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद चुनार कोतवाल गोपालजी गुप्ता और क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार यादव भी पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में घायल दीपचन्द ने दम तोड़ दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। चिकन की दुकान खोला था। खाली समय में मजदूरी करता था। उसकी शादी हो गई थी। उससे दो पुत्र पांच वर्षीय राहुल और तीन वर्षीय राजबाबू हैं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई।