मडि़हान। थाना क्षेत्र के बेला जंगल से गुजरने वाली दाती नहर के पास हत्या कर फेंकी गई युवती के लाश की शिनाख्त 24 घंटे बाद भी पुलिस नहीं करा पाई जिससे युवती की हत्या का राज अभी पहेली बनी हुई है। युवती की शिनाख्त के लिए मडि़हान पुलिस देहात कोतवाली क्षेत्र के आधा दर्जन गांवाें में फोटो लेकर पूछताछ करती रही लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।
अखबार में छपी खबर को पढ़ कर सोनभद्र जनपद के लफड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति अपनी गायब पत्नी की तलाश में मृत महिला की शिनाख्त करने आया था लेकिन फोटो देखने के बाद इंकार कर दिया। उधर पुलिस ने बताया कि अभी तक पीएम रिपोर्ट नहीं आई है जिससे मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती की शिनाख्त की पूरी कोशिश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
उधर ग्रामीणाें का कहना है कि मडि़हान जंगल बदमाशों के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है। यहां आए दिन किसी न किसी की हत्या कर ठिकाने लगाना आम बात हो गई है। गौरतलब है कि गुरुवार की रात एक करीब 25वर्षीय युवती की चाकूओं से वार कर हत्या कर दी गई थी और उसकी लाश को बेला जंगल से गुजरने वाली नहर के पास फेंक दिया गया था। इसकी जानकारी सुबह चरवाहाें को उस समय हुई जब वह जंगल में पशु चराने के लिए गए थे।