हलिया। मध्य प्रदेश से क्लिंकर लेकर आ रहा एक ट्रेलर ड्रमंडगंज घाटी में ब्रेक फेल हो जाने के कारण पहाड़ी से टकराकर पलट गया। इससे ट्रेलर में सवार कई लोगगंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने घायलाें को पास के एक निजी चिकित्सालय में पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकाें ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मध्य प्रदेश के रीवा से क्लिंकर लेकर एक ट्रेलर बुधवार को दोपहर में पड़ाव वाराणसी जा रहा था। ट्रेलर लहुरिया दह बरमबाबा मंदिर के पास पहुंचा तभी सड़क किनारे खड़े कुछ महिला व बच्चों ने ड्रमंडगंज बाजार जाने के लिए ट्रेलर को रोकवाया और उसमें सवार हो गए। चालक ट्रेलर को लेकर मिर्जापुर की ओर बढ़ा और बड़का मोड़ के पहले उसका ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित होने के बाद ट्रेलर एक पहाड़ी से टकराकर नेशनल हाइवे पर पलट गया। ट्रेलर पलटते ही उसमें सवार लोग चीखने चिल्लाने लगे। ग्रामीणाें व देवहट के प्रधान मंगल जायसवाल ने उन्हें पास के निजी चिकित्सालय में पहुंचाया। हालत नाजुक देख चिकित्सकाें ने प्राथमिक उपचार के दौरान सभी को जिला अस्पताल के लिए भेज दिया।