मिर्जापुर। गंगाजल की विशिष्टता की रक्षा के लिए गोमुख से उत्तरकाशी तक भागीरथी के जल को बिना किसी मानवीय छेड़छाड़ के नैसर्गिक स्वरूप में प्रवाहित होने दिया जाए। गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, एक सभ्यता और संस्कृति की जननी भी हैं। अगर देश के करोड़ों लोग ऐसा मानते हैं तो सिर्फ आस्था के कारण नहीं, बल्कि इसलिए क्याेंकि वे इससे परोक्ष तथा अपरोक्ष रूप से जुड़े हैं। ये बातें बुधवार को घंटाघर परिसर में सभा को संबोधित करते हुए गंगा समग्र यात्रा की सूत्रधार साध्वी उमा भारती ने कहीं।
सभा में गंगा जी के महात्म्य का बखान करते हुए साध्वी उमा भारती ने कहा कि गंगा हमारी प्राण और पहचान हैं, आज भी गंगा के प्रति लोगों की आस्था कम नहीं हुई है। गंगा की समस्याओं का निदान समग्रता से निकालना होगा। उन्होंने कहा कि गंगा समग्र यात्रा में सभी धर्म समुदाय, संप्रदाय एवं सभी पार्टियों के लोग शामिल हैं। कहा कि गंगा का गंगत्व, गंगा के अविरल प्रवाह में ही निहित है, परंतु बांधों में बांध दिए जाने के कारण गंगा एक ठहरी एवं सहमी हुई झील में परिवर्तित हो गई हैं। गंगा के प्रवाह को अविरल बनाए रखना देश के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद गंगा उपयोग व उपभोग की वस्तु बन गई। गंगा की अविरलता को रोकने तथा रेत के उत्खनन से गंगा प्रदूषित हो रही हैं। वह गंगा जो भारत की सभ्यता को हजारों वर्षों से संरक्षित और पोषित करती रही हैं, उसी गंगा के अस्तित्व की सुरक्षा महसूस की जा रही है। कहा कि अनियोजित सभ्यता और औद्योगीकरण ने गंगा नदी को प्रदूषित कर दिया है। उन्हाेंने कहा कि गंगा हमारी मां है और नर्मदा हमारी बड़ी बहन है। अब मां जैसे चलाएंगी, वैसे आगे बढ़ते जाएंगे। गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार संसद में कानून बना सकती है। उन्होंने कहा कि आज मैं दक्षिणा मांग रही हूं कि दो दिसंबर को गंगा तट पर पूर्वाह्न 11 बजे उपस्थित होकर एक दूसरे का हाथ पकड़कर गंगा को अविरल बनाने के लिए वचन देना होगा। बोलीं अभियान का कोई राजनैतिक स्वरूप नहीं है। गंगा की अविरलता बनाने के लिए हमें सारे राग द्वेष को त्यागकर काम करना होगा। इस दौरान अनुराग सिंह, दिनेश तिवारी, रत्नाकर मिश्रा, लाल बहादुर सिंह, डा. महेंद्र पांडेय, बृजभूषण सिंह, मनोज जायसवाल, संजय यादव, शिव प्रताप शुक्ल, उदयभान तिवारी, इंद्रजीत शुक्ल, विंध्यवासिनी कुमार, मनोज दमकल, रविशंकर साहू, रायचंद्र, प्रीतम केशरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमारी खत्री, नीरु श्रीवास्तव, अनिता जोशी, दीपू पाठक, संतोष शुक्ल, कौशल कुमार, अलंकार, नितिन कुमार शर्मा आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।