मिर्जापुर। विकास खंड कोन के चील्ह तिराहे पर अन्ना समर्थकों ने दूसरे दिन भी अपना अनशन जारी रखा। इस अवसर पर अनशनकारियों ने जनता के अधिकारों के साथ ही उनके कर्तव्यों का भी बोध कराया। दूसरे दिन क्रमिक अनशन में अन्ना समर्थकों ने भ्रष्टाचार के विरोध में हुंकार भरी। क्रमिक अनशन के दौरान कहा गया कि आंदोलन भारतवर्ष की जनता के नागरिकता बोध का प्रशिक्षण है।
सभा को संबोधित करते हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन के जिला प्रभारी डा. रमाशंकर शुक्ल ने कहा कि यदि देश में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है और दागी लोग निश्चिंत होकर संसद और सरकार में पहुंच रहे हैं तो यह प्रमाणित करता है कि उसे वोट देने वाले मतदाता खुद बहुत भ्रष्ट थे और भारत का नागरिक कहलाने की योग्यता नहीं रखते। भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी केशव जी ने काले धन की वापसी को देश की अस्मिता और विकास का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि भारत अमीर देश है, बशर्ते इसका धन इसके खाते में आ जाए। डा. करनैल सिंह ने कहा कि आंदोलन की उपेक्षा से देश की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। आदर्श इंटर कालेज बिसुंदरपुर के हिंदी प्राध्यापक अरविंद कुमार दूबे ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार सांसद और आम नागरिक पर समान कानून लागू होता है। राजेश कुमार दूबे ने राजनीतिक दलों को काले अंग्रेज की संज्ञा देते हुए इन्हें सत्ता से बेदखल कर ईमानदार और भारतीय सरकार बनाने की वकालत की। कार्यक्रम का संचालन संगठन के सह जिला प्रभारी डा. शक्ति श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान राजेश श्रीवास्तव, डा. अनूप कसेरा, विमल दूबे, पंकज यादव, रजत श्रीवास्तव, संजय राव, भोलाराव, दिनेश मौर्य, कृष्ण मोहन, आनंद बिंद, धर्मेंद्र कुमार, अभय यादव, रमाकांत यादव, रोहित यादव, अतीक खान, संतोष सिंह पटेल, रतन बिहारी, सुनील पांडेय, प्रभु नारायण यादव आदि लोग उपस्थित रहे।