राजगढ़। किसान कल्याण अधिकार सेवा समिति के तत्वावधान में आठ सूत्रीय मांग को लेकर शाहगंज तिराहे पर चल रहा अनशन एसडीएम मडि़हान के आश्वासन पर बुधवार को समाप्त हो गया। आठ मांगों में से एसडीएम मडि़हान ब्रम्हदेव यादव ने किसानों की छह मांगे मान ली, जिस पर किसानों ने अपना अनशन तोड़ दिया। एसडीएम ने शाम पांच बजे अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।
विगत तीन दिनों से शाहगंज तिराहे पर चल रहे किसानों का अनशन एसडीएम मडि़हान ब्रम्हदेव यादव व सीओ नक्सल हरीराम शर्मा के समझाने-बुझाने के बाद बुधवार को समाप्त हो गया। किसानों के आठ सूत्रीय मांगों में एसडीएम मडि़हान ने छह मांगे मान ली तथा शेष मांगों को उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। किसानों की मांगी गई मांगों में प्रमुख रूप से धनसीरिया ग्राम पंचायत में हाट शाखा द्वारा गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने, गेहूं खरीद केंद्रों पर बोरा उपलब्ध कराने, एनसीसीएफ द्वारा बकाए धान क्रय का भुगतान कराना, नेफेड और एनसीसीएफ के चेक बाउंस होने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना, एनसीसीएफ व नेफेड द्वारा चिह्नित गांवों में जाकर गेहूं क्रय करना, हाट शाखा के लिपिक और चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई करना आदि मांगें मानी गई।
किसानों के शेष मांगों के लिए एसडीएम मडि़हान ब्रम्हदेव यादव ने कहा कि किसानों की शेष मांगे उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई हैं। श्री यादव ने कहा कि उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश के उपरांत कार्रवाई की जाएगी। अनशन तोड़वाने के लिए एसडीएम ने अनशनकारी डा. अरविंद कुमार एवं देव शरण सिंह को मुसम्मी का जूस पिलाकर कहा कि किसानों की हित की लड़ाई में हम आपके साथ हैं। इस दौरान सत्य प्रकाश सिंह, सुनील कुमार, शिवशंकर सिंह, शिवानंद, विक्रम सिंह, प्रदीप कुमार, इंद्रजीत सिंह, रमेश सिंह, जमुना प्रसाद, ओम प्रकाश सिंह, टुनटुन विश्वकर्मा, मुन्ना सहित सीओ नक्सल हरीराम शर्मा सहित, एसओ मडि़हान अंजनी कुमार मिश्र, चौकी इंचार्ज राजगढ़ पीपी शुक्ल, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. बीके श्रीवास्तव, डा. बसंत लाल आदि उपस्थित रहे।