फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजगढ़ ब्लाक प्रमुख कुदरी की कुर्सी छिनी

Thu, 10 May 2012 12:00 PM IST
Mirzapur
विज्ञापन
विज्ञापन
राजगढ़। ब्लाक प्रमुख राजगढ़ श्रीमती कुदरी देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया। मतदान में 88 में से कुल 83 सदस्यों ने हिस्सा लिया। जिसमें मात्र 13 मत ही ब्लाक प्रमुख कुदरी देवी के पक्ष में पड़े जबकि 70 सदस्यों ने उन पर अविश्वास जाहिर करते हुए उनके खिलाफ मतदान दिया। इसके बाद प्रमुख कुदरी देवी की कुर्सी छिन गई। विकास कार्यों के लिए खाता संचालन उप जिलाधिकारी मड़िहान एवं खंड विकास अधिकारी राजगढ़ के द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। अविश्वास प्रस्ताव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ।
विज्ञापन

प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही राजगढ़ ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की सुगबुगाहट तेज हो गई थी। एक पखवारे पूर्व करीब 84 सदस्यों ने हस्ताक्षर युक्त पत्र जिलाधिकारी को देकर ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए नौ मई की तिथि मुकर्रर की गई थी। बुधवार को ब्लाक मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उप जिलाधिकारी मड़िहान ब्रह्मदेव यादव और जिला पंचायत राज अधिकारी एके सिंह की मौजूदगी में मतदान हुआ। मतदान अपराह्न 12.30 बजे से शुरू हुआ जो दो बजे तक चला। राजगढ़ ब्लाक में कुल 88 बीडीसी सदस्य हैं। मतदान के लिए 84 बीडीसी पहुंचे थे। एक सदस्य किसी कारण से वोट नहीं डाल सका। 83 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। 83 सदस्यों में से 13 सदस्यों ने कुदरी देवी के पक्ष में मतदान कर उन पर विश्वास जताया जबकि 70 सदस्यों ने उनके खिलाफ मतदान कर अविश्वास जाहिर किया। अपराह्न ढाई बजे से मतगणना शुरू हुई। इसके बाद उप जिलाधिकारी ब्रह्मदेव यादव ने ब्लाक प्रमुख कुदरी देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हो जाने की घोषणा की। प्रमुख को 13 वोट व उनके खिलाफ 70 वोट पड़े हैं। मतदान एवं मतगणना के दौरान प्रमुख कुदरी देवी मौजूद नहीं रहीं। ब्लाक के खाते का संचालन एसडीएम मड़िहान ब्रह्मदेव यादव व खंड विकास अधिकारी राजगढ़ सरिता सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निषेधाज्ञा लागू होने के कारण सदस्य न जुलूस निकालेंगे न ही नारेबाजी करेंगे। ब्लाक प्रमुख पद पर चुनाव के लिए आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश के बाद होगी। इस मौके पर एसडीएम, बीडीओ के अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी एके सिंह, क्षेत्राधिकारी आपरेशन, कोतवाल चुनार, एसओ मड़िहान, चौकी प्रभारी राजगढ़, सक्तेशगढ़ पटेहरा आदि सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। ज्ञात है कि कुदरी देवी बसपा के समर्थन से ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई थी। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की सुगबुगाहट के बीच उन्होंने गत दिनों जिले के कई बड़े सपा नेताओं के साथ लखनऊ जाकर सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। बावजूद इसके वह अपनी कुर्सी को नहीं बचा सकीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें