मिर्जापुर। उ.प्र. होमगार्ड्स संगठन के स्थापना की 52 वीं वर्षगांठ धूमधाम से जिला होमगार्ड संगठन मिर्जापुर की ओर से शनिवार को मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर के पुलिस लाइन सहित पूरे जिले में विविध प्रकार के आयोजन किए गए। जिला होमगार्ड कार्यालय पर मंडलीय कमांडेंट एसएस प्रसाद ने यूनिट का झंडा फहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंनें विभाग की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि उ.प्र. होमगार्ड्स संगठन अपनी स्थापना की काल से ही शासन, प्रशासन एवं समाज को अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहा है। वर्तमान समय शासन-प्रशासन के अनेकों विभागों में होमगार्ड्स अपनी सेवाएं निष्ठा से दे रहे हैं। प्रदेश में प्रत्येक माह लगभग साठ हजार होमगार्ड्स शांति-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ड्यूटियों एवं सरकारी/अर्धसरकारी संस्थाओं की सुरक्षा में लग रहे हैं। वर्तमान में 225 रुपया प्रतिदिन की दर से होमगार्ड्स को मानदेय प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि होमगार्ड्स स्वयं सेवकों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से दुर्घटना बीमा योजना लागू की गई है, जिसके तहत ड्यूटी के दौरान किसी भी जवान की मौत हो जाने पर कम से कम पांच लाख की धनराशि उसके आश्रितों को प्रदान की जाएगी। इसके अलावा कल्याण कोष की स्थापना की गई है। जिला कमांडेंट हंसराज सरोज के नेतृत्व में विभाग के अन्य कर्मियों के सहयोग से पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिता एवं महिला शक्ति दौड़ आयोजित किया गया। जिसमें पेंटिंग में उषा कुमारी प्रथम, चांदनी द्वितीय व प्रिया तीसरे स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में स्नेहा कसेरा प्रथम, आंचल द्वितीय व किरन देवी तीसरे स्थान पर रही। महिला शक्ति दौड़ में उमा मौर्य प्रथम, उषा मौर्य द्वितीय व अनिता तीसरे स्थान पर रहीं। विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।