मिर्जापुर। माइनारिटीज वेलफेयर सोसायटी की जानिब से रविवार को होटल पैलेस सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसायटी की तरफ से जिले के 83 हाजियों एवं हज्जिनों का सम्मान किया गया। समारोह के दौरान हाजियों व हज्जिनों को गुलपोशी के बाद शाल भेंट किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि इस मुल्क का हर मुसलमान देशभक्त है। हमारी पहचान एक हिंदुस्तानी की है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग की जो भी समस्या होगी, उसको प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि जनपद में जितनी वक्फ की जमीन है, उसे खाली करवा कर उस पर शिक्षण संस्थान खुलवाया जाएगा। मुख्य अतिथि ने उपस्थित सभी हाजियाें एवं हज्जिनों का माल्यार्पण किया, तत्पश्चात् शाल भेंट कर उनको सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष आफाक अहमद ने तथा संचालन मौलाना नजम अली ने की। कार्यक्रम को अशफाक अहमद, मो. परवेज खां, सरताज इमाम और मो. अहमद हसन खां आदि ने भी संबोधित किया।
इस दौरान मुख्य रूप से सेराज अहमद, सोनावर खां, कासिम अली, हाफिज फरीद, हैदर, मुन्ना कुरैशी, मुश्ताक आदि रहे।