मिर्जापुर। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने विभिन्न मार्गों से नगर में आने वाले आटो रिक्शा के लिए चार स्थानाें पर वाहन स्टैंड बनाया है। वाहन चालक अब इन स्टैंडों पर रुक कर सवारी उतारेंगे तथा बैठाने का काम भी करेंगे। निर्धारित स्टैंडों से आगे बढ़कर सवारी बैठाने पर संबंधित आटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सुचारु यातायात के लिए नगर के तीन मार्गों को एकल दिशा निर्धारित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेंद प्रसाद सिंह यादव नगर में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस को विभिन्न दिशानिर्देश दिया हैं। उन्होंने बताया कि नगर में आने वाले आटो रिक्शा के लिए स्टैंड निर्धारित कर दिए गए हैं। ताकि लोगाें को जाम से निजात मिल सके। एसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले आटो रिक्शा चालकों को चीरघर के पास बने स्टैंड पर वाहन रोकने का निर्देश दिया है। भटौली से आने वाले आटो रिक्शा चालक घोडे़ शहीद पर रुकेंगे। शास्त्री पुल से आने वाले आटो रिक्शा टीबी अस्पताल तिराहे पर बने स्टैंड में खड़े होंगे। वहीं पैड़ापुर से आने वाले आटो रिक्शा टेढ़वा रमईपट्टी पर रुकेंगे। उधर, दो, तीन तथा चार पहिया वाहनों के लिए एकल दिशा मार्ग भी बनाए गए हैं। इनमें ओलियरघाट से घंटाघर होते हुए त्रिमुहानी, यहां से ओलियरघाट और रसकुंज तिराहा से मुकेरी बाजार मार्ग शामिल हैं।