मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में बन रहे निमार्णाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान घटिया निर्माण कराने पर नाराजगी जताते हुए राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव को पत्र लिखने का निर्देश दिया। सोमवार को डीएम राजेश कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि बेहद घटिया तरीके से भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें शासन का काफी पैसा बर्बाद हुआ है। निरीक्षण के दौरान फर्श पर लगाया गया कोटा स्टोन कई स्थानाें पर टूटा मिला। जबकि छत पर बीम की लेंथ तथा लाइन टेढ़ी रही। लिफ्ट के दरवाजे के ऊपर का हिस्सा टेढ़ा पाया गया। जिसे तोड़कर दोबारा बनाने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार अल्मुनियम की लगाई गई खिड़कियाें के कब्जे ढीले मिले।
उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी के अलावा संबंधित विभाग की भी अपने कार्याें की जिम्मेदारी होती है। राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव को पत्र लिखने की बात कही। कहा कि भवन को पूरी लापरवाही से बनाया गया है। कहा कि इस बात से सीएम को भी अवगत कराया जाएगा।