जिला प्रशासन का फरमान हवा हवाई
विभागीय लापरवाही का दंश झेल रहे लाभार्थी
शेरवां। जमालपुर विकास खंड में गत वित्तीय वर्ष का लोहिया आवास पूरा होता तो लाभार्थियों को छत नसीब हो जाती। अभी तक 123 आवास के लाभार्थियों के खाते में धनराशि ही नहीं भेजी जा सकी है, जिससे आवास का निर्माण शुरू नहीं हो पाया। लाभार्थी आवास बनाने के विभाग व ब्लाक मुख्यालयों का चक्कर काट कर थक चुके हैं। उधर, जिला प्रशासन का गत वित्तीय वर्ष के आवासों को 31 जुलाई तक पूर्ण कराने का दावा भी फेल हो गया। विभाग भी धनराशि नहीं मिलने का रोना रो रहा है।
वित्तीय वर्ष 2013-14 में जमालपुर विकास खंड में 448 लोहिया आवास स्वीकृत किए गए थे। इसके लिए उक्त वित्तीय वर्ष के शुरूआत में ही लाभार्थियों का चयन किया गया था। चयनित पात्र लाभार्थियों द्वारा खाता भी खुलवा लिया गया, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते वित्तीय वर्ष समाप्त हुए चार माह गुजर गए है बावजूद इसके अभी तक 244 आवासों का ही निर्माण पूरा पाया है जबकि 204 आवासों का निर्माण अभी भी अधूरा है। जिसमें 123 आवास का निर्माण कार्य ही प्रारंभ नहीं हो सका है।
इनसेट:
123 आवास का निर्माण प्रारंभ नहीं किया जा सका है। इन आवासों की धनराशि नहीं भेजी गई है। धनराशि की मांग की गई है। धनराशि मिलने पर आवास के लाभार्थियों के खाते में भेज दी जाएगी। - इंद्रमणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी