जिला अस्पताल में करता था चोरी
चोर को पकड़ने के लिए मरीज ने बिछाया जाल
मिर्जापुर। जिला चिकित्सालय में तीसरी बार मोबाइल चोरी हुआ। लेकिन इस बार चोर को लोगों ने धर दबोचा और तबियत से धुनाई की। मरम्मत के बाद उसे अस्पताल पुलिस चौकी को सौंप दिया। मोबाइल चोर नगर के रमईपट्टी मोहल्ले का बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव निवासी बददू की पत्नी मंजू देवी सात जुलाई को अबूझहाल में गंभीर रूप से झुलस गई थी। इलाज के लिए वह अस्पताल में भर्ती है। देखरेख के लिए पति बददू पिछले एक माह से अस्पताल में रह रहा है। बताया कि अब तक उसका तीन मोबाइल गायब हो चुका है। लगातार चोरी हो रहे मोबाइल से परेशान हो गया था। इसलिए उसने चोर को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। उसने इस बार नया नया मोबाइल खरीदकर वार्ड के बाहर स्थित बाथरूम के पास चार्जिगिं में लगा दिया और खुद कूलर के पीछे जा छिपा। बीच चोर वहां पहुंचा और मोबाइल चुराने की तरकीब लगाने लगा। उस समय बाथरूम में एक महिला कपड़े धो रही थी। चोर ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और जैसे ही मोबाइल को चुराना चाहा कि बद्दू ने उसे पकड़ लिया। लेकिन चोर अपने को छुड़ाकर भागने लगा। शोर शराबा सुनकर अन्य लोगों ने चोर को जा दबोचा और जमकर उसकी मरम्मत की। तलाशी के दौरान उसके जेब से मोबाइल मिला तो उसकी फिर पिटाई हुई। बाद में उसे अस्पताल चौकी की पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी दिनाें से जिला चिकित्सालय में मोबाइल की चोरी करता आ रहा है। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शब्बू पुत्र अर्जुन निवासी लाल डिग्गी कटरा कोतवाली का है। लेकिन फिलहाल वह रमईपट्टी में रहता है।