अहरौरा। अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रही बीवी का रास्ते में किसी और से बात करना पति को इतना नागवार गुजरा कि उसने घर आकर पत्नी की पिटाई कर दी। मां-बाप ने जब इस पर विरोध जताया तो पति ने छत पर चढ़कर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा लिया।
मौके पर मौजूद घर वालों के हल्ला मचाने पर पहुंचे मोहल्ले वासियाें ने किसी तरह आग बुझाई। परंतु तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन फानन में उसको सीएचसी अहरौरा ले जाया गया।
हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया। घटना अहरौरा नगर क्षेत्र के सत्यानगंज मोहल्ले की बताई जा रही है। बताया जाता है कि सत्यानगंज मोहल्ला निवासी मकबूल का 28 वर्षीय पुत्र भीमा उर्फ राजू सोमवार को अपनी को लेकर इलाज कराने चिकित्सक के यहां गया था। घर लौटते समय बीवी के मायके से ताल्लुक रखने वाले किसी व्यक्ति से उसकी मुलाकात हो गई। पत्नी ने उससे हंस कर बात क्या कर ली, पति को यह बुरा लग गया। घर आते ही उसने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद भीमा की मां तथा पिता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। न मानने पर उन्होंने भीम को भी दो थप्पड़ रसीद कर दिया। जिससे आहत भीमा अपने छत पर चढ़ गया और अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा ली।