छानबे। विंध्याचल थाना क्षेत्र के नौगांव गांव में गुरुवार की रात 52 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने निमंत्रण पर बुलाने वाले पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। घरवालाें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौगांव निवासी दीनानाथ शुक्ल (52) गांव के देवीपुर मोहल्ले में एक व्यक्ति के यहां निमंत्रण में गए थे। लगभग आठ बजे रात निमंत्रण खाने के बाद कोई उनको घर के पास छोड़कर चला गया। वह घर की सीढ़ी चढ़ रहे थे तभी लड़खड़ाकर गिर पड़े। सीढ़ी से गिरते ही उनकी पत्नी मिथलेश कुमारी शोर मचाने लगी तो लोग इकट्ठा हो गए। लोगाें ने इलाके के एक चिकित्सक को बुलाकर दिखाया तो उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि मृतक डेढ़ माह पूर्व देवीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति को 24 लाख रुपये में लगभग छह बीघा जमीन बैनामा कर दिया था। बैनामे की रकम आठ माह के अंदर देने की बात तय हुई थी। शाम को उसी के यहां दीनानाथ निमंत्रण में गए थे। मालूम हो कि मृतक दीनानाथ को एक पुत्र भास्कर शुक्ला बीए का छात्र था जो आठ वर्ष से लापता है। मृतक को पुत्रियां हैं जो अपने ससुराल में रहती हैं। घर में अकेली उनकी पत्नी मिथिलेश कुमारी रहती हैं। मिथेलश का आरोप है कि उसके पति को भोजन में कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया गया जिससे उनकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए विंध्याचल थाने में डटे रहे। इस संबंध में कोतवाल सुरेश तिवारी का कहना था कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा। इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं।