मिर्जापुर। स्वाट और चील्ह पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को चील्ह थाना क्षेत्र के भीटी गहरवारी गांव में औचक छापेमारी कर करीब एक करोड़ रुपये के 29 कुंतल गांजा के साथ दो सगे भाइयाें को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी गत कई महीनाें से इलाके में थोक मादक पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति करने में लिप्त बताए गए हैं। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने पुलिस लाइन में पत्रकाराें से वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि काफी दिनाें से सूचना मिल रही थी कि मिर्जापुर- भदोही सीमा पर स्थित भीटी गहरवारी गांव से मादक पदार्थ की बिक्री और सप्लाई की जा रही है। सूचना पुख्ता होने पर मादक पदार्थ और आरोपियों को पकड़ने के लिए उन्होंने एएसपी सिटी अजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। एएसपी सिटी ने स्वाट के प्रभारी अविनाश कुमार सिंह व चील्ह इंस्पेक्टर प्रदीप चौधरी की नेतृत्व में उक्त गांव में छापेमारी के लिए कहा। टीम गांजा को पकड़ने की तलाश में जुटी थी तभी शुक्रवार की सुबह चील्ह थाना क्षेत्र के भीटी गहरवारी गांव के एक मकान में काफी मात्रा में गांजा रखने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम ने फोर्स के साथ औचक छापेमारी की तो एक घर में छिपाकर रखे 134 बोरी में 29 कुंतल गांजा बरामद किया गया। गांजा बरामद करने के बाद पुलिस ने दो सगे भाइयाें को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियाें में रमेश व संतोष पुत्रगण मोहन भूज निवासी भीटी गहरवारी निवासी हैं। एसपी ने बताया कि पूर्व में भी पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया था।