मिर्जापुर। होली के मद्देनजर बाजाराें में शुक्रवार को खरीदारी करने ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के बाजार देर शाम तक गुलजार रहे। किसी ने रेडिमेड कपड़ाें की खरीदारी की तो किसी ने गुझिया बनाने के लिए खोए की। रंग के साथ ही पिचकारी खरीदने दुकानों पर बच्चे भी पहुंचे थे।
नगर के बाजारों में रेडिमेड कपड़ों की खरीदारी करने के लिए ग्राहकों का तांता लगा रहा। लोग अपने-अपने परिवारवालों के साथ रेडिमेड के कपड़े खरीदने को दुकान पर पहुंचे थे। नगर के वासलीगंज, बेलतर, घंटाघर, गुड़हट्टी बाजार, रमईपट्टी, मुकेरी बाजार, त्रिमोहानी, बसनही बाजार सहित कई बाजारों में रौनक देर शाम तक बरकरार रही। रेडिमेड कपड़ों की दुकानों पर युवकों के लिए ब्रांडेड कंपनियों के टी-शर्ट, जींस, शर्ट-पैंट, कुर्ता-पैजामा तथा युवतियों के लिए जींस, टी शर्ट, लैगिन, टाप, सलवार-सूट, फ्राक सूट खूब पसंद किए जा रहे हैं। नगर के घंटाघर स्थित मेहरोत्रा एंड संस के अधिष्ठाता किशन मेहरोत्रा ने बताया कि ग्राहकों को बस वस्त्र पसंद आने चाहिए, अधिकांश ग्राहक वस्त्रों के मूल्यों पर कम ही ध्यान दे रहे हैं। कपड़ों की ब्रांडेड कंपनियों में प्रमुख रूप से मोंटे कार्लो, पीटर इंग्लैंड, डूयूक, किलर आदि के वस्त्र ग्राहकों की पहली पसंद बन गए हैं। उधर नगर के मुकेरी बाजार स्थित खोवा मंडी में गुझिया के लिए खोवा खरीदने ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही। सड़क किनारे लगी पटरियों पर ठेले पर खोवा खरीदने को ग्राहकों का तांता लगा रहा। शुक्रवार को खोवा 250 से लेकर 280 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिके।